Listen to this article

व्यापार मंडल प्रतिनिधिमंडल ने मेलाधिकारी से की भेंट, कुंभ तैयारियों पर किया विचार-विमर्श

व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार का किया आग्रह

व्यापार मंडल ने फुटपाथ निर्माण, सड़कों के सुदृढ़ीकरण और स्थायी अवस्थापना कार्यों की सराहना की

हरिद्वार, 07 अक्टूबर 2026

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती से भेंट कर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार के व्यापारियों एवं कुंभ मेला से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मेला प्रशासन के समक्ष रखते हुए कुंभ मेला मद से व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विस्तार का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ शहर की दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्थायी अवस्थापना कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने की सराहना करते हुए सरकार एवं मेला प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में व्यापारियों सहित सभी हितधारकों के सुझाव एवं फीडबैक को महत्वपूर्ण मानते हुए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों के साथ हरिद्वार शहर की दीर्घकालीन आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि मेला अवधि के साथ-साथ भविष्य में भी इन कार्यों का लाभ स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को मिल सके।

स्थायी कार्यों से लंबे समय तक मिलेगा लाभ : व्यापारियों ने की सराहना

भेंटवार्ता के बाद प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष श्री संजीव नैयर, जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री श्री विजय शर्मा, प्रदेश सचिव श्री कमल बृजवासी, जिला महामंत्री श्री प्रदीप कालरा, हरिद्वार तहसील अध्यक्ष श्री राहुल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कुंभ मेला-2027 को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि कुंभ की तैयारियों के तहत बड़ी संख्या में स्थायी प्रकृति के कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ मेला समाप्त होने के बाद भी हरिद्वार के स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को लंबे समय तक मिलता रहेगा। अवस्थापना विकास के यह महत्वपूर्ण कार्य भविष्य में होने वाले आयोजनों के लिए भी मजबूत आधार तैयार करेंगे।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कुंभ नगरी में पैदल आवागमन को सुगम बनाने के लिए किए जा रहे फुटपाथ निर्माण की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों तक पैदल पहुंच को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रबंधों की भी उन्होंने प्रशंसा की।

प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न चौराहों के सुधार, सड़कों के सुदृढ़ीकरण तथा अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए बड़े पैमाने पर कराए जा रहे स्थायी कार्यों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दीर्घकालीन आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए जा रहे इन कार्यों से हरिद्वार की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। शहर के सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए भी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सरकार एवं मेला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

About The Author

Avatar

By रोहित वर्मा

Rohit Verma : +91 99711 54292 📍कार्यालय का पता ------------------------- House No. 456, Shiv Murti Gali, Near Narayani Guest House, Haridwar, Uttarakhand - 249401.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *