Listen to this article

562

डोभाल पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर बरसे मदन कौशिक, बोले- उत्तराखंड के स्वाभिमान पर हमला
हरिद्वार। उत्तराखंड के वीर सपूत और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने नाराजगी जताई। प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि डोभाल पर अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर चोट है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले में पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की। कौशिक ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी का बयान कांग्रेस की आधिकारिक सोच को दर्शाता है और क्या प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इस टिप्पणी से सहमत है, यदि सहमत नहीं है तो जवाब देना चाहिए।
कौशिक ने मंगलवार को मेयर कार्यालय में वार्ता करते हुए कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। उनकी पहचान किसी राजनीतिक पद से नहीं, बल्कि दशकों की राष्ट्रसेवा से बनी है। ऐसे व्यक्तित्व के खिलाफ टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश को जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे सपूत दिए हैं। दोनों ने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे लोगों को राजनीतिक विवाद में घसीटते समय प्रदेश की भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।
मंत्री ने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के लिए कथित तौर पर की गई ‘सड़क का गुंडा’ टिप्पणी का जिक्र किया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के बाद सैन्य कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से उठाए गए सवालों पर भी निशाना साधा। कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सेना और देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले लोगों के सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।
कौशिक ने कहा कि गलवान घाटी की घटना के बाद भी राहुल गांधी के बयानों को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता सैन्य अभियानों के बाद कार्रवाई के प्रमाण और परिणाम को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के समय देश की सुरक्षा और सेना के मनोबल से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदारी के साथ बात होनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि देश की सुरक्षा के लिए काम करने वाले अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व को लेकर इस तरह की टिप्पणी क्यों की जा रही है। कौशिक ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान की मर्यादा बनी रहनी चाहिए।
इस मौके पर मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान, मीडिया के प्रदेश सह प्रभारी विकास तिवारी, सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे।

About The Author

Avatar

By रोहित वर्मा

Rohit Verma : +91 99711 54292 📍कार्यालय का पता ------------------------- House No. 456, Shiv Murti Gali, Near Narayani Guest House, Haridwar, Uttarakhand - 249401.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *