स्व-जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक- प्रो. सुनील बत्रा
महाविद्यालय में आयोजित हुई स्व-जनगणना की प्रक्रिया से जुडी अहम बैठक
हरिद्वार 21 नवंबर 2026
एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में आज स्व-जनगणना से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्राचार्य कक्ष में किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण आधार होती है। इसके आंकड़ों के माध्यम से सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर प्रदान करती है। अतः प्रत्येक नागरिक को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनना चाहिए।
उन्होंने आगे अपने वक्तव्य में कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की वर्तमान सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया है। सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस दिशा में स्व-जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाना आवश्यक है।
इस अवसर पर जनगणना संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटीं डॉ. रेनू सिंह एवं प्रिंस श्रोत्रिय ने उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्व-जनगणना की प्रक्रिया, इसकी उपयोगिता तथा इससे जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि स्व-जनगणना के माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के अंतर्गत स्वयं अपने परिवार एवं आवास से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने इसकी चरणबद्ध प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों तथा जानकारी भरते समय ध्यान रखे जाने वाले महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से समझाया। साथ ही जनगणना की प्रक्रिया में सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने स्व-जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की तथा इस प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। इस बैठक में प्रो डॉ जगदीश चंद्र आर्य, डॉ नलिनी जैन, प्रो विनय थपलियाल, डॉ सुषमा नयाल, डॉ शिवकुमार चौहान, डॉ मनोज कुमार सोही, श्रीमती रिचा मिनोचा, श्रीमती रिंकल गोयल, वैभव बत्रा, डॉ गीता शाह, श्रीमती कविता छाबड़ा, डॉ आशा शर्मा, डॉ लता शर्मा, डॉ मोना शर्मा, डॉ अनुरिषा, डॉ पूर्णिमा सुन्दरियाल, विनीत सक्सेना, डॉ पुनिता शर्मा, डॉ पदमावती तनेजा, डॉ गौरव अग्रवाल, कुमारी दीपिका आनन्द, श्री पंकज भट्ट, कुमारी अंजलि शर्मा, डॉ मिनाक्षी शर्मा, डॉ पल्लवी, कुमारी कालिन्दी चौधरी, कुमारी भव्या भगत, निशांत चौहान, कुमारी रंजीता, शुभम तोमर आदि उपस्थित रहे।



