Listen to this article

पौड़ी : जनता की मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने जनपद की मुख्य समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। आयुक्त ने निर्देशित किया कि पेयजल, बिजली एवं गैस जैसी आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ तत्परता एवं संवेदनशीलता से कार्य करते रहें।

पौड़ी शहर में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के दृष्टिगत आयुक्त ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए वर्तमान स्थिति पर संज्ञान लिया। उन्होंने पंपिंग योजनाओं के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने हेतु विद्युत आपूर्ति के विकल्प के रूप में 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करते हुए जल संस्थान को उपलब्ध करायी तथा निर्देशित किया कि अगले तीन दिनों के भीतर पौड़ी नगर की सभी प्रमुख पंपिंग योजनाओं में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था (पावर बैकअप) के रूप में जनरेटर स्थापित किए जाएं। साथ ही, उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने एवं जल स्रोतों के पुनर्जीवन के कार्यों को निरंतर गति देने के निर्देश दिए।

​बैठक के दौरान पौड़ी और श्रीनगर में रसोई गैस की किल्लत और बैकलॉग पर चर्चा करते हुए आयुक्त ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि सिलेंडरों का वितरण बुकिंग के आधार पर ही किया जाए। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया कि वितरण व्यवस्था में तेजी लाने के लिए दोनों केंद्रों पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गयी है।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने आयुक्त को अवगत कराया कि पेयजल शिकायतों के लिए कोटद्वार और पौड़ी में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहाँ 1 अप्रैल से अब तक प्राप्त 110 शिकायतों में से 99 का सफल निस्तारण किया जा चुका है और शेष 11 पर कार्रवाई गतिमान है। उन्होंने यह भी बताया कि कंट्रोल रूप में नियमित निगरानी भी की जा रही है।

​जनसुविधाओं के साथ-साथ बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए आयुक्त ने कंडोलिया पार्क के पास सड़क पर जलभराव की समस्या पर भी लोनिवि के अधिकारियों से चर्चा की, जिस पर अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड ने बताया कि उक्त स्थान पर पानी की निकासी हेतु कार्य 10 मई से शुरू कर दिया जाएगा। 

इस अवसर पर अपर आयुक्त उत्तम कुमार, अधीक्षण अभियंता मोहम्मद मीशम, जल संस्थान के प्रवीण सैनी, लोनिवि के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने और जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Avatar

By रोहित वर्मा

Rohit Verma : +91 99711 54292 📍कार्यालय का पता ------------------------- House No. 456, Shiv Murti Gali, Near Narayani Guest House, Haridwar, Uttarakhand - 249401.

You missed