हरिद्वार, 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय की ओर से प्रेस क्लब सभागार में ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पत्रकारिता की विश्वसनीयता, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और एआई के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर गंभीर मंथन हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने दीप प्रज्वलित कर किया। डीएम ने कहा कि आज डिजिटल युग में खबरें पलक झपकते ही लाखों लोगों तक पहुंच रही हैं। ऐसे में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। खबर की प्राथमिकता उसकी सनसनी नहीं, बल्कि जनहित होनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि अवश्य करें। एआई से तैयार तस्वीरों और सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की भी सत्यता जांचें। एक गलत खबर समाज में भ्रम पैदा कर सकती है। आगामी चुनावों के मद्देनजर उन्होंने निष्पक्षता और जिम्मेदारी से पत्रकारिता करने का आह्वान किया। गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, राजकुमार और गुलशन नैयर ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने पीत पत्रकारिता पर चिंता जताते हुए सत्य, निष्पक्षता और जनहित को पत्रकारिता की असली पहचान बताया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का आभार जताया।


